शिकायत करने लोधा थाने पहुंची पीड़ित महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
जंगल में लकड़ी बीनने गईं लोधा थाना क्षेत्र के गांव मोहकमपुर दुनाई निवासी महिलाओं के साथ दबंगों ने जमकर मारपीट की। दबंगों ने लाठी-डंडे से मारकर महिलाओं को घायल कर दिया। मामले की शिकायत करने जब पीड़ित महिलाएं थाने गईं] तो पुलिस ने उनके साथ गए एक युवक को ही पकड़ कर थाने में बंद कर दिया। घायलों को इलाज के लिए भेजने की जगह पुलिस ने सभी को थाने से खदेड़ दिया। इससे आक्रोशित महिलाओं ने थाने के बाहर हंगामा किया।
मोहकमपुर दुनाई निवासी श्रीकृष्ण की पत्नी अनार देवी, हरीशंकर की पत्नी नीरज देवी, कन्हैया की पत्नी नीलम देवी, जगदीश की पत्नी रामश्रीदेवी, विजय की पत्नी राधा देवी, लालराम की पत्नी राजो देवी व फत्ते की पत्नी मीना देवी बुधवार की सुबह खाना बनाने के लिए लकड़ी बीनने जंगल में गईं थीं। इसी दौरान आठ-दस युवक आ धमके और अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे से महिलाओं को जमकर पीटा। महिलाओं की चीख सुनकर जब परिजन पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग गए।
परिजनों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पीआरवी पुलिसकर्मी पहुंचे और थाने में शिकायत करने की कह कर चले गए। जब पीड़ित पक्ष शिकायत दर्ज कराने थाने गए तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय एक युवक को ही थाने में बंद कर दिया। पीड़ित महिलाओं को थाने से खदेड़ दिया। पुलिस ने घायल महिलाओं को इलाज के लिए भेजना तो दूर, उल्टा उन्हें थाने से खदेड़ दिया। इससे आक्रोशित महिलाओं ने थाने के बाहर हंगामा किया।
पीड़ितों का कहना है कि एक महिला कांस्टेबल ने तहरीर लिखवाकर रख ली और बिना इलाज कराए थाने से भगा दिया। परिजनों का कहना है कि एसएसपी से मिलकर लोधा पुलिस की शिकायत करेंगे। इस मामले में थाना प्रभारी आदित्य कुमार का कहना है कि गोशाला की रखवाली वाले लड़कों से लकड़ी काटने को लेकर मारपीट हुई थी। दोनों में किसी पक्ष ने अभी तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर भेज दिया गया है।