सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पोस्टमार्टम हाउस के पास शुक्रवार को एक युवक नशे की हालत में पानी की टंकी पर चढ़ गया। देखते ही देखते वहां राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। युवक को टंकी से उतारने का प्रयास किया गया। करीब एक घंटे बाद युवक को नीचे उतारा गया। तब जाकर ये ड्रामा शांत हुआ।
जीशान निवासी मंजूरगढ़ी नशे का आदी है। शुक्रवार दोपहर वह पोस्टमार्टम हाउस के पास स्थित पानी की टंकी के पास पहुंचा और नशे की हालत में उसके ऊपर चढ़ गया। इस दृश्य को देख वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों ने उसे उतारने का प्रयास किया, लेकिन युवक नशे की हालत में उनकी बात सुनने को तैयार नहीं था। सूचना पर मौके पर पुलिस भी वहां पहुंच गई।
पुलिस ने भी युवक को काफी समझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस ने बमुश्किल ऊपर चढ़कर युवक को नीचे उतारा। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने बताया कि युवक नशे का आदी है। शुक्रवार दोपहर वह नशा करने के बाद पानी की टंकी पर चढ़ गया था। जिसे एक घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतारा गया।