अमर उजाला के पालिथीन विरोधी अभियान और गुटखा आदि खाने के नुकसान आदि के विषय में फैलाई जा रही जागरूकता को महापौर शकुंतला भारती ने आगे बढ़ाया। उन्होंने सोमवार को सेवाभवन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया जिसमें विभिन्न कक्षों में गंदगी देख नाराजगी जताई।
वहां पर गुटखा आदि से गंदगी न करने की हिदायत देते हुए पालिथीन के उपयोग करने पर जुर्माना लगाने के भी निर्देश दिए हैँ। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों बाद दिए गए निर्देशों का क्रियान्वयन देखा जाएगा। शकुंतला भारती ने कहा कि शहर की सफाई के साथ-साथ अपने घर की सफाई भी जरूरी है।
सेवाभवन में अधिकांश कक्षों में सफाई व्यवस्था मानक के अनुरूप नहीं मिली। साथ ही कुछ कर्मचारियों के पास डस्टबीन में गुटखे की पीक मिलीं। यह व्यवस्था ठीक नहीं है। महापौर ने उप नगर आयुक्त मो. मसूद अहमद को निर्देशित किया कि वह तत्काल कार्यालय के कक्षों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही प्रतिबंधित पाॅलिथीन से निर्मित चाय के कप का उपयोग करने वालों के खिलाफ भी जुर्माना लगाएं।