कस्बे में सोमवार को पेट्रोल पंप के समीप एक दुकान के सामने खड़ी बाइक चुराकर भाग रहे आरोपी को व्यापारियों ने पकड़ लिया। पुलिस के हवाले कर दिया, उसका एक साथी भाग जाने में सफल रहा।
माधवनगर निवासी कपिल ने बताया कि सोमवार को वह अपने भाई कमल के साथ पेट्रोल पंप के समीप बसंत की दुकान पर शटर नीचे कर बैठे थे, बाइक दुकान के बाहर खड़ी थी। दोनों भाई दोपहर तीन बजे बाहर निकले तो देखा कि एक युवक उनकी बाइक लेकर बाजार की ओर जा रहा है। शोर मचाने पर व्यापारी बसंत, दीपक, कर्मवीर की मदद से 100 मीटर की दूरी पर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम योगेश निवासी धनुआ की नागलिया थाना इगलास बताया। आरोपी ने बताया कि उसके साथ एक और युवक है, लेकिन वह उसका नाम नहीं जानता है। बाइक चोरी के लिए वह उसे शराब पिला देता था। व्यापारियों ने आरोपी को थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है, उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है। संवाद