प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : samvad
प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में वाराणसी और मेरठ ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। शनिवार को दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ और उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 28 से 31 अक्तूबर तक आयोजित प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले हुए। पहले सेमीफाइनल में मेरठ ने आगरा को 48-17 अंकों से हराया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में वाराणसी ने अलीगढ़ को 50-15 अंकों से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।
इससे पहले खेले गए मुकाबलों में वाराणसी ने लखनऊ को 49-19, अलीगढ़ ने मुरादाबाद को 52-46 और बरेली ने आगरा को 55-43 अंकों से हराया। वहीं, मेरठ ने गोरखपुर छात्रावास को 40-36 अंकों से पराजित किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील दत्ता, जिला कबड्डी एसोसिएशन के अली मोहम्मद, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी पूनम लता राज, जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव एवं अलीगढ़ बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष दाऊदयाल गुप्ता उपस्थित रहे।