कोतवाली क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही है। बीती रात्रि गांव बांकनेर में बदमाश तीन मकानों के ताले चटकाकर 25 लाख रुपये के जेवरात नकदी चुरा ले गए। सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर जांच पड़ताल की। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
गांव बांकनेर में शनिवार की रात्रि बदमाश सहदेव शर्मा पुत्र रामस्वरूप शर्मा के मकान में घुस गए। वहां कमरे में रखी अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर लगभग बीस लाख रुपये के सोने चांदी के जेवरात और एक लाख की नकदी ले गए।
सहदेव की दो विवाहित बेटियां मायके आई हुई थी। चोरी गए जेवरात में ज्यादातर उन्हीं के थे। बदमाशों ने दूसरी घटना राजू पुत्र शांति स्वरूप शर्मा के यहां अंजाम दिया। जिसमें पचास हजार की नकदी और तीन लाख के जेवरात चेारी कर ले गए। तीसरी घटना हाकिम सिंह पुत्र चतुर सिंह के मकान से अलमारी का ताला तोड़कर बदमाश लगभग पचास हजार की नकदी चोरी कर ले गए। घटना के समय तीनों ही परिवार मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे।
सुबह जब वे नीचे आये तो जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया। दरोगा मुकेश तोमर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए तथा जांच पड़ताल की। गांव में हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। इंस्पेक्टर राजवीर सिंह यादव का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। घटना के राजफाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।