खैर कस्बा स्थित केनरा बैंक से बृहस्पतिवार को लंच के दौरान 12 वर्षीय किशोर ने कैश काउंटर से आठ लाख रुपये चुरा लिए । वह अपने साथी मौजूद युवक के साथ लेकर चंपत हो गया। लंच के बाद काउंटर पर कैश कम देख कैशियर ने गिनती की तो यह जानकारी हुई। सीसीटीवी फुटेज में रुपयों का थैला ले जाते हुए किशोर दिखाई दे रहा है। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर खैर व एसओजी टीम ने किशोर व उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है।
खैर में एसबीआई की शाखा के सामने स्थित केनरा बैंक में बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे स्टाफ लंच पर था। इस दौरान बैंक के अंदर खातेदार मौजूद होने के कारण स्टाफ ने मुख्य गेट बंद नही किया। 2.10 मिनट पर एक युवक के साथ किशोर बैक में दाखिल हुआ। वह बैंक स्टाफ की नजरों से बचता हुआ कैश काउंटर तक पहुंचा। काउंटर पर रखे आठ लाख रुपये साथ लाए थैले में रखे और साथ आए युवक के साथ चंपत हो गया। लंच के बाद कैशियर संतोष कुमार ने काउंटर पर रखे रुपये कम देखे तो गिनती शुरू की। जिसमें आठ लाख रुपये कम होने पर बैंक मैनेजर मोहम्मद तारिक को सूचना दी गई। बैंक के कैश काउंटर से आठ लाख रुपये चोरी होने पर मैनेजर भी घबरा गया। तत्काल सीसीटीवी फुटेज देखी, जिसमें किशोर रुपयों से भरा थैला ले जाते हुए दिखाई दिया। मैनेजर ने पूरे प्रकरण से खैर पुलिस व बैंक के उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर खैर प्रदीप कुमार, चौकी इंचार्ज अजेन्द्र सरोहा मौके पर पहुंचे। बाद में एसओजी टीम भी पहुंच गई। आसपास के सीसीटीवी खंगाले गए। सीसीटीवी कैमरों में कैद किशोर व युवक की तलाश में एसओजी व पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। बैंक मैनेजर मोहम्मद तारिक ने कोतवाली में तहरीर दी है।
युवक व किशोरी सीसीटीवी में कैद
केनरा बैंक के कैश काउंटर से आठ लाख रुपये चुरा कर साथी युवक सहित फरार हुए किशोर की फोटो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर 1.58 बजे पर युवक के साथ किशोर पेट्रोल पंप के बाहर खड़ा हुआ था और बार बार मोबाइल में टाइम देख रहा था। दो बजते ही युवक पेट्रोल पंप से बैंक की ओर चल दिया। बैंक के बाहर की लोकेशन देख अंदर दाखिल होकर घटना को अंजाम देकर फरार हो गया है। खैर पुलिस ने एसओजी टीम के साथ कई स्थानों पर सीसीटीवी की फुटेज से युवक व किशोर कैद हैं
मुख्य गेट बंद होता तो नहीं होती वारदात
रिजर्व बैंक की गाइड लाइन के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक बैंक दोपहर में लंच के दौरान मुख्य गेट का ताला लगा देती है। अगर किसी खातेदार को बाहर जाना होता है तो वह इसी बीच बाहर निकल जाता है। खातेदारों का कहना कि बैंक स्टाफ की लापरवाही से कैश काउंटर से आठ लाख रुपये चोरी हुए हैं। कैशियर को काउंटर छोड़ते समय लॉकर व केविन बंद करना चाहिए था। सामने स्थित एसबीआई में दो गार्ड हर समय तैनात रहते हैं, लेकिन केनरा बैंक में एक भी गार्ड की तैनाती नहीं है।
खैर की इसी कैनरा बैंक से हुई चोरी।- फोटो : CITY OFFICE