कस्बे के जहराना मोड़ स्थित बड़ा कब्रिस्तान की जमीन की पैमाइश के लिए पहुंची राजस्व विभाग की टीम को बैरंग होना पड़ा।दोनों समुदायों की लोगों की भीड़ एकत्र होने से तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। इस पर बुधवार को पैमाइश टाल दी गई है।
पैमाइश के समय दोनों पक्षों से तीन-तीन लोगों की मौजूदगी सहित तय किया गया कि अब पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में 24 जनवरी को पैमाइश की जाएगी। बड़ा कब्रिस्तान पर कुछ युवक कई दिन से मिट्टी भराई और टिनशेड का निर्माण कार्य करा रहे थे। 15 जनवरी को नगर पंचायत के चेयरमैन डॉ. डीएस भारती सहित वार्ड सदस्यों व अन्य लोगों ने ऐतराज जताते हुए निर्माणाधीन जमीन पर ढाई बीघा जमीन नगर पंचायत की बताई थी।
पांच नामजद सहित 35 से 40 अज्ञात के खिलाफ चंडौस कोतवाली में तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने काम रुकवा दिया था। इसके बाद एसडीएम और फिर डीएम से चेयरमैन व वार्ड सदस्यों ने नगर पंचायत की ढाई बीघा जमीन से कब्जा हटवाने की मांग की थी।
बुधवार को गभाना तहसील के कानूनगो धीरेंद्र कुमार शर्मा, लेखपाल शिवम जैन आदि नाप-जोख करने पहुंचे थे तभी दोनों पक्षों के लोगों की वहां पर भीड़ एकत्र हो गई। बहस के साथ स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर चंडौस कोतवाल सत्यवीर सिंह पहुंच गए। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बैठक कराई। सीओ गभाना धनंजय सिंह ने बताया कि अब 24 जनवरी को पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में नाप-जोख कराई जाएगी।