सपने तभी सच होते हैं जब उन्हें देखने के साथ रोज जिया भी जाए। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आगरा रोड के छात्र आयुष वार्ष्णेय ने यह साबित कर दिखाया कि जुनून और आत्मविश्वास के साथ छोटी-छोटी प्रेरणाएं भी बड़ी सफलता की राह बना सकती हैं। कमरे की दीवारों पर चिपकी अमर उजाला की खबरों ने न सिर्फ उन्हें हर दिन आगे बढ़ने का हौसला दिया, बल्कि उसी जुनून ने उन्हें हाईस्कूल में जिला टॉपर बना दिया।
आयुष कहते हैं कि टॉपर बनने के लिए जिद और जुनून चाहिए। यह किसी दुकान पर नहीं मिलती, बल्कि खुद के अंदर पैदा करना पड़ता है। सफल होने के लिए जो पहले सफलता हासिल कर चुके हैं, उनसे प्रेरित होना पड़ता है। प्रेरित होने के लिए उसे रोज-रोज पढ़ना और देखना होता है। भले ही उनकी कुर्सी-मेज पर कॉपी-किताबें रहती हैं, लेकिन सामने की दीवार पर एक खबर नहीं, बल्कि कई खबरें चिपकी होती हैं, जो जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए हौसला देती हैं।
इनमें एक खबर अमर उजाला के मंच पर प्रतिभा हुई पुरस्कृत भी थी। दीवार पर खबरें महज खबरें नहीं थीं, बल्कि मंजिल की तरफ बढ़ने का रास्ता दिखा रही थीं। यही नहीं मेधावियों के अंक भी दीवार पर चिपके थे, जिनसे रोजाना प्रभावित होकर लगन से पढ़ाई की। उन्होंने कहा कि मंजिल यानी आईएएस बनने की राह में अपना पहला कदम बढ़ा दिया है।