ससुराल वालों ने दामाद को फटकार कर भगा दिया था। इससे वह गुस्से में घर लौटा और कमरे में रखे कपड़ों में आग लगाकर भाग गया। कपड़ों में लगी आग पूरे कमरे में फैल गई।
रोरावन थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर में एक युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी। इससे घर का काफी कीमती सामान जल गया। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
इंद्रा नगर निवासी महरून बेगम पत्नी सरफुद्दीन के अनुसार उनके पांच बेटे हैं। तीन बेटे कारखाने में नौकरी करते हैं। एक बेटा आबिद घर पर रहकर आटा चक्की चलाता है। पांचवें बेटे जावेद को उसकी हरकतों की वजह से उन्होंने संपत्ति से बेदखल कर रखा है।
बताते हैं कि दो माह पहले जावेद का अपनी पत्नी से झगड़ा हो गया था। इस पर उसकी पत्नी पास ही स्थित अपने मायके चली गई थी। 15 दिसंबर को जावेद अपनी पत्नी सोनी एवं बेटी फाइजा से मिलने ससुराल गया था। बताते हैं कि ससुराल वालों ने उसे फटकार कर भगा दिया था। इससे वह गुस्से में घर लौटा और कमरे में रखे कपड़ों में आग लगाकर भाग गया। कपड़ों में लगी आग पूरे कमरे में फैल गई।
विज्ञापन
आग की लपटें देखकर उसके भाई आबिद ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इस पर अग्निशमन कर्मी दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पानी की बौछार कर उन्होंने आग पर काबू पाया। आग से वाशिंग मशीन, फ्रिज, कूलर, अलमारी, बेड, कपड़े सहित अन्य घरेलू सामान जल गया। देर शाम तक मामले में थाने में तहरीर नहीं पहुंची थी।