जेलों के अंदर आपत्तिजनक वस्तुओं के पहुंचने और उनकी मदद से जेलों में बैठकर आपराधिक गतिविधियों के संचालन पर रोक के लिए जेलें अब स्कैनर और मेटल डिटेक्टर से लैस होंगी। कारागार महानिदेशालय ने अलीगढ़ सहित सूबे की 24 जेलों में स्कैनर व मेटल डिटेक्टर लगवाने का काम शुरू कर दिया है। यहां की जेल में प्लेटफार्म व टिनशेड बनकर तैयार हो गया है। बस मशीन लगाने के लिए इंजीनियर्स का आना बाकी है।
पिछले कुछ सालों से जेलों में बैठकर आपराधिक गतिविधियों के संचालन, जेलों में मोबाइल, अन्य इलेक्ट्रानिक डिवाइस के साथ-साथ हथियार पहुंचने तक की घटनाएं सामने आई हैं। इसी पर रोकथाम के लिए कारागार महानिदेशालय स्तर से यह तय हुआ है कि सभी जेलों में लगेज स्कैनर व मेटल डिटेक्टर लगवाए जाएं। पहले चरण में अलीगढ़ सहित ए ग्रेड 24 जेलों व सेंट्रल जेलों में यह लगेज स्कैनर व मेटल डिटेक्टर लगवाए जा रहे हैं।
अलीगढ़ जेल में भी काम शुरू हो गया है। वरिष्ठ अधीक्षक कारागार डॉ. वीरेश राज के अनुसार यहां का काम शुरू हो गया है। मशीन भी पहुंच गई है। बस जल्द ही इंजीनियर्स आकर उसे यहां व्यवस्थित करेंगे और इसके बाद इसकी मदद से सामान की चेकिंग शुरू कराई जाएगी।