प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए 12 से 19 सितंबर तक सभी उपकेंद्रों पर समाधान दिवस आयोजित करने की घोषणा की है। उपभोक्ता सुबह आठ बजे से लेकर रात आठ बजे तक शिकायतों और समस्याओं का उपकेंद्र पहुंचकर समाधान करा सकेंगे।
इस दौरान उपभोक्ता बकाया विद्युत बिलों का भुगतान, कनेक्शन, लोड बढ़ाने, मीटर लगाने, ट्रांसफार्मर, फीडर, लोड, वोल्टेज, जर्जर तार जैसी समस्याओं के शिकायतों का निस्तारण करा सकेंगे। उपकेंद्रों पर शिविर आयोजन एवं समस्या समाधान का जिम्मा उपखंड अधिकारी एवं स्थानीय अवर अभियंता का होगा। कार्य की मॉनीटरिंग मंडल स्तर पर मुख्य अभियंता वितरण, जनपद स्तर पर अधीक्षण अभियंता, खंड स्तर पर अधिशासी अभियंता करेंगे। इसके लिए नोडल अधिकारी भी नामित किए गए हैं। संवाद