राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन (अ) एवं संयुक्त मोर्चा की बैठक मंगलवार को टप्पल ब्लॉक परिसर में हुई। बैठक में कहा गया कि मांगों को लेकर आठ दिन तक धरना चला था। धरना स्थल पर अधिकारियों ने पहुंचकर 18 मई तक मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन वायदे के अनुसार मांगें पूरी नहीं की गईं, इसलिए अब तीन जून को सुबह 11 बजे से यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज पुल के नीचे महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।
किसान नेताओं का आरोप है कि वार्ता के बहाने उनका धरना समाप्त करवाकर प्रशासन ने किसानों के साथ धोखा किया है। बैठक की अध्यक्षता कृपाली ने की तथा संचालन मंडल प्रवक्ता लोकेंद्र चौधरी ने किया। बैठक में राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन (अ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रमेश कुमार अत्री, सुंदर सिंह बाल्यान, मुकेश चौधरी, इस्लाम सैफी, प्रदीप चौधरी, प्रद्युम्न पंडित, अनिल, रामगोपाल अत्री, साबिर मेवाती शामिल मौजूद रहे।
डीएम के नाम ग्राम प्रधानों ने दिया बीडीओ को ज्ञापन
अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने पंचायत चुनाव समय पर कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन टप्पल के खंड विकास अधिकारी विजय कुमार तिवारी को दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि
ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त होने जा रहा है। प्रधानों को आशंका है कि पंचायत चुनाव एक वर्ष आगे बढ़ सकते हैं। यदि किसी कारणवश चुनाव समय पर नहीं हो पाते हैं तो ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए वर्तमान ग्राम प्रधानों के कार्यकाल को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, जिलाध्यक्ष पवन चौधरी, टप्पल ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह, मंजू देवी प्रधान, ओंकार सिंह प्रधान, सुंदर सिंह प्रधान, पवन शर्मा प्रधान, परवेंद्र सिंह प्रधान, मुनेश देवी प्रधान आदि शामिल रहे।
संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक 23 को
फसलों के हर सीजन में रासायनिक खाद की किल्लत, लंबी लाइनों और डिजिटल व्यवस्था के नाम पर किसानों के हो रहे उत्पीड़न को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक 23 मई को सुबह 11 बजे से खैर अनाज मंडी स्थित स्वागत भवन में होगी। यह जानकारी मोर्चा के मंडल संयोजक कमांडो ओपी सिंह ने देते हुए कहा है कि बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।