अभी धुंध और कोहरा ज्यादा नहीं हुआ है, इसके बावजूद ट्रेनें लेट हो रही हैं। हावड़ा से नई दिल्ली जाने वाली 04053 अप स्पेशल ट्रेन को शुक्रवार रात 2.10 बजे आना था, लेकिन यह ट्रेन लगभग 15 घंटे की देरी से शनिवार शाम पांच बजे के बाद अलीगढ़ पहुंची, जिससे मुसाफिरों को खासी परेशानी हुई।
इसी तरह से दिल्ली की ओर जाने वाली मगध एक्सप्रेस तीन घंटे, 02417 अप प्रयागराज स्पेशल दो घंटे, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस एक घंटे, गोमती एक्सप्रेस, भागलपुर-आनंद बिहार स्पेशल, गोविंदपुरी अलीगढ़ ईएमयू भी लगभग पौन-पौन घंटे की देरी से पहुंची। शुक्रवार की रात लखनऊ से आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस लगभग 40 मिनट की देरी से अलीगढ़ पहुंची। शनिवार को भी लखनऊ जाने वाली शताब्दी देरी से अलीगढ़ पहुंची।
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि अप रूट से दिल्ली जाने वाली अधिकांश ट्रेन अपने शुरुआती स्टेशनों से देरी से चल रही हैं, इसलिए अलीगढ़ आने तक लेटलतीफी बढ़ गई है।
लखनऊ जा रहे मंगलम और बिट्टू प्लेटफॉर्म नंबर दो पर गोमती एक्सप्रेस के इंतजार में बैठे मिले, बोले-ट्रेन लेट चल रही है। महाबोधि एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे कृष्णा बोले- ट्रेन लगभग आधा घंटे लेट हो चुकी है। विंध्याचल जा रहे शिवम यादव भी इसी परेशानी से उलझन में मिले। बोले इतना आधुनिकीकरण होने के बाद भी ट्रेनें समय से नहीं चल पा रही हैं।