क्षेत्र के गांव पटेनी के निकट बर्द्धवारी गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर सोमवार की दोपहर एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर दंपती से सोने के आभूषण लूट लिए। लूट की घटना के बाद मौके पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर मुरसान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के रामगढ़ मुरसान निवासी गजराज सिंह के पुत्र देवेंद्र उर्फ रिंकू अपनी पत्नी कुसुम के साथ बाइक से अपनी ससुराल गुवरारी जा रहे थे। ससुराल जाने से पहले वह मुरसान सादाबाद मार्ग स्थित गांव बमनई में पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए चले गए।
पटा चौराहे पर स्थित दुकान से मिठाई लेकर गुवरारी जा रहे थे। गांव पटेनी निकलते ही बर्द्धवारी मार्ग पर पीछे से एक अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और पत्नी से छीना झपटी करने लगे। काफी देर तक बदमाश और देवेंद्र में हाथापाई हुई।
इस दौरान बदमाश ने देवेंद्र के ऊपर तमंचा तान दिया और दूसरे बदमाश ने उसकी पत्नी कुसुम के गले से चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी आदि छीन लिए। देवेंद्र का कहना है कि लूटपाट करने वाले तीनों बदमाश पटा चौराहे की ओर से आए थे और उसी ओर वापस चले गए। मुरसान कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है।