कोहरे के साथ ही सर्दी ने अपना असर दिखना शुरू कर दिया है। इसका प्रभाव ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ा है। सुबह- शाम कोहरे का असर भी दिख रहा है। रेलवे ने इसके चलते अपनी कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया है तो वही तमाम ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से स्टेशन पहुंच रही हैं।
इस क्रम में कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन छह घंटे, मगध एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटे, गोमती एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, टीएडी पैसेंजर ट्रेन भी एक-एक घंटे के विलंब से पहुंची। इसके चलते यात्रियों को दिक्कतें उठानी पड़ी। कैफियात एक्सप्रेस से दिल्ली जाने के लिए हाथरस के विशेष कुमार को परिवार के साथ स्टेशन पर ही बैठकर ट्रेन आने का इंतजार करना पड़ा।
इसी तरह विकास नगर के मनोज गुप्ता को कानपुर जाने के लिए गोमती एक्सप्रेस ट्रेन आने का इंतजार करना पड़ा। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि कोहरे के प्रभाव से ट्रेनों का संचालन देरी से हो पा रहा है। कोहरे का असर रोडवेज बसों के संचालन पर पड़ रहा है। बसें अपने तय समय से काफी देरी से पहुंच पा रही हैं। संवाद