बिगडे़ मौसम में सोमवार शाम मंजूरगढ़ी से सटी बिस्मिल्लाह कॉलोनी में टॉवर गिरने से जख्मी बच्चे की मौत पर सुबह-सुबह परिजन व इलाके के लोग भड़क गए।
लोगों ने बाईपास पर जाम लगाते हुए जमकर हंगामा किया। जहां पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाया। साथ ही परिजनों की मांग पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया। तब जाकर हंगामा शांत हुआ। इसके बाद एकत्रित होकर लोग कलेक्ट्रेट भी गए, जहां 15 लाख रुपये मुआवजे के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की।
बता दें कि सोमवार शाम आंधी में बिस्मिल्लाह कॉलोनी में टॉवर गिरने से 8 साल का शाहिल पुत्र सलीम सहित दो अन्य महिलाएं भी जख्मी हुई थीं। इनमें से शाहिल को तड़के मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित कर दिया। इस खबर पर सुबह लोगों ने एकत्रित होकर बाईपास पर जाम लगाते हुए मुआवजा व मुकदमे की मांग रख दी।
जाम की खबर पर पुलिस भी पहुंच गई। जहां समझाया गया। तब जाकर हंगामा व जाम खत्म हुआ। बाद में पिता की तहरीर पर टॉवर जिस स्थान पर लगा है, उस प्लाट के मालिक व संबंधित कंपनी के खिलाफ क्वार्सी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इधर, दुपहर में इलाके के नेता नाजिम अली के नेतृत्व में तमाम लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां उन्होंने शाहिल के परिजनों के लिए 15 लाख रुपये मुआवजे व मकान क्षतिग्रस्त होने पर उन मकान स्वामियों को मुआवजे की मांग की। जहां अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया।
मृतक के परिजनों को 15 लाख का मुआवजा दो
अलीगढ़ । आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तिहादुल मुस्लिमीन के महामंत्री सैयद नाजिम अली के नेतृत्व में बिस्मिल्लाह कालोनी के लोगों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें आंधी से गिरे मोबाइल टावर की जद में आकर घायल हुए छह वर्षीय साहिल पुत्र सलीम, 18 वर्षीय जावेेद पुत्र इरशाद, 14 वर्षीय अलीम पुत्र सलीम में से साहिल की मौत की घटना की जानकारी दी। घटना में एक टैंपो और मोहल्ले के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गये हैं, जिसमें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। साहिल के पिता मजदूर हैं। उन्हें 15 लाख की आर्थिक सहायता दी जाए। ज्ञापन देने वालों में महामंत्री सैयद नाजिम अली, मो शाहिद, चांद, मोहम्मद सलीम, आरिफ सलमान, बाबुददीन, भूरा भाई सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
बालक के परिजनों को दी सांत्वना, ढाढस बंधाया
अलीगढ़ । सोमवार को आई तेज आंधी व बारिश के दौरान बिस्मिल्लाह कालोनी मंजूरगढ़ी में टावर गिरने से मृत बालक साहिल व घायलों के प्रति संवेदनाओं का ज्वार उमड़ रहा है।
रालोद विधानमंडल दल के नेता एवं विधायक ठा.दलवीर सिंह मृत बालक साहिल का पोस्टमार्टम कराने मंगलवार को मोर्चरी पहुंचे। इसके बाद घटना स्थल पर जाकर कालोनी में हुए नुकसान व गिरे हुए मोबाइल टावर को देखा तथा पीड़ित परिवारीजनों से मुलाकात की।
विधायक बरौली ने अपर जिलाधिकारी वित्त से पीड़ित परिवारीजनों को सहायता राशि उपलब्ध कराये जाने के लिए कहा तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी से घायलों का उपचार सही रुप से किये जाने के लिए कहा। इस मौके पर लईक अहमद, बेबी प्रधान, सुशील गुप्ता, सुल्तान सिंह, बंटी सिंह, तरुण गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे। इधर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विवेक बंसल ने घटना स्थल का दौरा कर मृतक बच्चे के परिजनों को ढ़ांढ़स बंधाया तथा सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन से समुचित मुआवजा दिये जाने की वकालत की है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता बाबू खां मौजूद थे।