कस्बा चौकी क्षेत्र के गांव अलहदादपुर में मंगलवार रात एक ही परिवार के दो पक्षों में मारपीट के बाद पथराव हो गया, जिसमें तीन लोगों को चोट आई है। दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक पक्ष की पूनम चौहान का आरोप है कि उसका अपने पति विवेक कुमार निवासी सिकन्दरपुर थाना अकराबाद से तलाक का वाद न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि उसके चाचा विनोद व उनका बेटा आदर्श इस मामले में फैसला करने का दबाव बनाते हैं, धमकाते डराते हैं व जान से मारने की धमकी देते हैं, न्यायालय जाते समय रास्ता रोकते है। आरोप है कि मंगलवार को चाचा के घर आए पति और गाली गलौज की और छत से पथराव कर दिया।
दूसरे पक्ष की माला देवी पत्नी विनोद का आरोप है कि उनके जेठ के दामाद का उनके घर आना जाना है जिससे वह उनसे द्वेष मानते हैं। मंगलवार को गौरव, सौरव, दिनेश, पूनम, सौरव की पत्नी व अनुज ने ऊपर लगे कैमरे तोड़ डाले, जिसके बाद लाठी डंडे व तमंचे से हमला कर दिया। इसमें उनके सिर और विवेक की आंखो में चोट आई है। थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, एक पक्ष से छह और दूसरे पक्ष से तीन लोग नामजद किए गए हैं। मामले की विवेचना की जा रही है।