कोतवाली के गांव नगला जैत निवासी खजान सिंह (36) और उनकी पत्नी कविता (32) की गुरुग्राम के मानेसर में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बृहस्पतिवार को दोनों शवों को गांव लाया गया तो माहौल गमगीन हो गया। दंपती का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया।
मृतक दंपती के परिजनों ने बताया कि खजान सिंह गुरुग्राम के मानेसर में नौकरी करते थे। वहीं पर उनकी पत्नी कविता, बेटी परी (6) और बेटा आकू (4) साथ ही रहते थे। मंगलवार की दोपहर को पति-पत्नी बाइक से बाजार गए थे, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दंपती को पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर डाक्टरों ने खजान सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि पत्नी कविता ने उपचार के दौरान अगले दिन बुधवार को दम तोड़ दिया। मृतक सात भाई-बहन में दूसरे नंबर के थे। थानाध्यक्ष मोनू कुमार आर्य ने बताया कि हमारे पास इस तरह की कोई सूचना नहीं है।