दो दिन पहले सुमेरा झाल पुल से गंगनहर में छलांग लगाकर आत्महत्या करने वाली युवती के शव को मुरादाबाद से आई एसडीआरएफ की टीम ने दूसरे दिन शुक्रवार को भी अभियान चलाकर गांव चाऊपुर के निकट नहर से बरामद कर लिया। मृतका की शिनाख्त थाना सासनीगेट के मोहल्ला महेंद्र नगर निवासी दिनेश वार्ष्णेय की पुत्री एकता (24) के रूप में हुई है। युवती का शव मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृत युवती के पिता दिनेश वार्ष्णेय ने पुलिस को बताया कि वह आइसक्रीम की ठेली लगाता है। एकता की मां ने ठेली में आइसक्रीम लगाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। इसी बात से रूठकर वह कहीं चली गई थी। मृतका ने बी.फार्मा किया था। तीन बहनों में वह सबसे बड़ी थी। सासनीगेट थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।
वहीं, थानाध्यक्ष धीरज यादव ने बताया कि राहगीरों ने बुधवार को डॉयल 112 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को अवगत कराया था कि छतारी की तरफ से बस से उतरकर 22 वर्षीय एक युवती ने सुुमेरा झाल पुल से गंग नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पाकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव की तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। बृहस्पितवार को मुरादाबाद से आई एसडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन शाम सात बजे तक शव का पता नहीं चल सका। शुक्रवार को फिर से अभियान चलाने पर चाऊपुर गांव के निकट युवती का शव मिल गया। सूचना पर परिजन पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।