इंस्टाग्राम पर युवती व उसकी सहेलियों का अश्लील वीडियो डालने वाले पर कार्रवाई न होने पर मां को कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश पर आरोपी युवक के खिलाफ कोतवाली हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस अब प्रकरण की छानबीन में जुट गई है।
शहर की रहने वाली महिला ने बताया कि एक युवक काफी समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। महिला ने बताया कि बेटी व उसकी कुछ सहेलियों के फोटो का प्रयोग कर किसी ने अश्लील वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम आईडी पर डाल दिया। जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने कोतवाली हाथरस गेट में शिकायत की। यहां से उन्हें साइबर सेल भेजा गया था।
साइबर सेल से पता चला कि किसी तरुण आर्य निवासी मीतई की आईडी से यह पोस्ट डाली गई। इसके बाद उन्हें कोतवाली हाथरस गेट में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कहा गया। महिला का आरोप है कि कोतवाली हाथरस गेट में शिकायत करने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। 25 अक्तूबर को लिखित शिकायत की गई थी।
इधर, आरोपी को जब शिकायत करने की जानकारी हुई तो उसने उनकी बेटी के फोन नंबर पर कॉल कर धमकाना शुरू कर दिया और गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर अब आरोपी तरुण के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।