इगलास विकासखंड के रुस्तमपुर खोजान गांव में दिवाली पर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सौगात मिली है। जल जीवन मिशन के तहत तैयार पेयजल योजना का शुक्रवार को ग्राम पंचायत प्रशासक लक्ष्मी देवी की मौजूदगी में जलार्पण किया गया। इससे गांव के 350 परिवारों की 2063 आबादी को घरों में नल से पानी मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
अब तक ग्रामीणों को पानी के लिए हैंडपंप और दूसरे जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। खासकर महिलाओं और बच्चियों को घरेलू जरूरतों के लिए पानी जुटाने में काफी समय लगाना पड़ता था। अब घरों तक पाइपलाइन से पानी पहुंचने पर इस परेशानी से राहत मिलेगी। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रभारी अधीक्षण अभियंता लोकेश शर्मा ने बताया कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने ग्रामीणों से पानी की बर्बादी रोकने, जल संरक्षण अपनाने और नल व पाइपलाइन की देखभाल करने की अपील की।