लघु उद्योग भारती ब्रज संभाग की बैठक रविवार को अलीगढ़ में प्रदेशाध्यक्ष की मौजूदगी में हुई। इस दौरान उद्यमियों की ओर से विभिन्न समस्याएं उठाई गईं, जिसमें कहा गया कि अग्निशमन विभाग औद्योगिक क्षेत्रों में इकाइयों में अग्निशमन उपकरण लगवाने का दबाव बनाता है। उसकी जगह ब्रिटिश काल की तर्ज पर औद्योगिक क्षेत्रों में हौज पाइप लाइन दी जाए और उस क्षेत्र के हर मोड़ व चौराहे-तिराहे पर उसका प्वाइंट बिजली विभाग की तरह बनाया जाए ताकि उद्योगों पर बोझ न पड़े।
बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मधुसूदन दादू, राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री/लघु उद्योग निगम उपाध्यक्ष राकेश गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, प्रदेश संयुक्त महामंत्री गौरव मित्तल बतौर अतिथि मंचासीन रहे। इस दौरान हाथरस के उद्यमियों ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी ने भूमि अधिसूचित कर ली है। मगर न तो वहां कोई विकास कराया जा रहा और न उद्योगों के लिए भूमि उपयोग के लिए एनओसी दी जा रही है।
अलीगढ़ जिलाध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने राज्य कर्मचारी अस्पताल पर जोर दिया। कहा कि यहां सासनी गेट पर एक अस्पताल है, मगर उसमें सुविधाओं व डॉक्टरों का अभाव है। मानक के अनुसार 21000 से अधिक कर्मचारी भविष्य निधि देने वाले क्षेत्र में 100 बेड का अस्पताल होना चाहिए। प्रदेशाध्यक्ष ने संस्था के सुझाव पर हो रहे कार्यों की चर्चा की। राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री ने नई तकनीकी से काम पर जोर दिया।
इस मौके पर अध्यक्षता अजय पटेल ने की। स्वागत बीडी गुप्ता, प्रवीण मंगला द्वारा किया गया। संयोजन तरुण सक्सेना, संचालन रमन गोयल व ललेश सक्सेना द्वारा किया गया। आयोजन में योगेश गोस्वामी अंशुमन अग्रवाल, अतुल अग्रवाल , अलोक चतुर्वेदी, सुनील गर्ग, प्रह्लाद सिंह चौहान, सुभाष लिटिल, सुनील पाली, राकेश तलूजा, कीर्ति अरोरा , विष्णु भैया, वाई के जैन, वाई एम झा, प्रदीप सिंघल, मनीष अग्रवाल, नितिन महेश्वरी आदि थे।