अखिल भारत हिंदू महासभा की डॉ. पूजा शकुन पांडेय समर्थकों के साथ थाना गांधी पार्क में शिकायत करते हुए।
- फोटो : अलीगढ़/ब्यूरो
हिंदुओं के आराध्य भगवान श्रीराम एवं माता सीता पर आपत्तिजनक टिप्पणी से महानगर का माहौल गरमाता नजर आ रहा है। ब्लाॅक पर की गई टिप्पणी से आक्रोशित हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने अब्दुल कादिर गौर ‘राही अनजाना ’ नामक युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है और उसे फांसी की सजा दिलाने की मांग की है। अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. पूजा शकुन पांडेय ने पुलिस प्रशासन से संजू बजाज मामले की तरह ही त्वरित कार्रवाई करते हुए अब्दुल कादिर को गिरफ्तार करने की मांग की।
डोरीनगर निवासी सचिन शर्मा पुत्र विपिन शर्मा द्वारा दिए गए तहरीर में कहा गया है कि तीसरी जंग अखबार की वेबसाइट पर ‘श्री राम की कई पत्नियां थी - वाल्मीकि रामायण ’ के नाम से वेपेज ब्लाक मौजूद था। उसमें वाल्मीकि रामायण की आड़ लेकर अब्दुल कादिर ने लेख लिखा है, जिसमें भगवान श्रीराम एवं माता सीता के बारे में अनर्गल एवं बेहूदगी से भरी आपत्तिजनक टिप्पणी की कई है एवं सीता-राम के चरित्र पर कीचड़ उछाला गया है। लेखक का कार्य हिंदुओं की भावनाओं को आहत एवं भड़काने वाला है।
इससे दो धार्मिक समुदायों के बीच सौहार्द बने रहने पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। अब्दुल कादिर के इस लेख से हिंदुओं में काफी आक्रोश है। सचिन शर्मा ने अब्दुल कादिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही तीसरी जंग पर नजर रखने एवं आपत्तिजनक पोस्टों का हटाया जाए। संपादक के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है। इस मामले को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. पूजा शकुन पांडेय ने सीओ से अब्दुल कादिर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।