जिले में भी बड़ी संख्या में घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के यहां बिजली विभाग ने बिना कोई सूचना दिए ही बिजली कनेक्शन का लोड बढ़ा दिया है। इस कार्रवाई से जिले के हजारों उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बिल का बोझ पड़ गया है। इसे लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी है।
बढ़ा बिजली बिल देखकर परेशान उपभोक्ता बिजली अधिकारियों के पास अपनी समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं का लोड एक किलोवाट, दो किलोवाट या तीन किलोवाट तक था, उसे अचानक बढ़ा दिया है।
निधिवन काॅलोनी के आरएन सिंह का कहना है कि इस बार बढ़े हुए लोड के साथ बिल मिला है। उन्होंने लोड बढ़ाने के लिए कोई आवेदन नहीं किया था। विभाग की इस मनमानी से उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान हो रहा है। विभाग के इस फैसले से उपभोक्ताओं को अब अधिक बिजली शुल्क चुकाना होगा। जबकि विभाग ने अनुमान के आधार पर लोड में वृद्धि की है।
उपभोक्ताओं के यहां पिछले एक साल में तीन या उससे अधिक बार बिल सिस्टम में अधिक दर्ज हुआ है, उनके बिजली कनेक्शनों का लोड बढ़ाया गया है। किसी उपभोक्ताओं को बढ़े लोड या बिल को लेकर शिकायत है तो उसकी जांच कराई जाएगी। इससे संबंधित बिजली उपकेंद्र, एसडीओ कार्यालय या उपभोक्ता सेवा केंद्र पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
- अरविंद नायक, मुख्य अभियंता दक्षिणांचल