क्षेत्र के दमुआंका गांव में छह दिन पहले जानलेवा हमले में घायल हुए वृद्ध उदयवीर सिंह (78) की नोएडा के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार को उनका शव गांव में पहुंचा। पुलिस और पीएसी की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस के अनुसार उदयवीर सिंह 12 मार्च की रात करीब आठ बजे अपने भतीजे के घर से दूध लेने जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने कुछ लोगों को आपस में झगड़ा करते देखा। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और झगड़ा करने से रोका। इसी दौरान हरेंद्र उर्फ हवलदार, पप्पे उर्फ धर्मेंद्र, उसके भाई राजू और दो अज्ञात लोगों ने उनपर लाठी डंडों और ईंट से हमला कर दिया। उदयवीर सिंह के सिर, मुंह और जबड़े में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में जेवर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें नोएडा रेफर कर दिया था। उनके बेटे प्रवीन कुमार ने 13 मार्च को पिसावा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी और पुलिस ने एक आरोपी हरेंद्र उर्फ हवलदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उदयवीर सिंह के बेटे सुभाष कुमार, प्रदीप कुमार और प्रवीन कुमार सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।