बिना साफ कराए नाला निर्माण पर नगर आयुक्त ने जेसीबी से इसे ध्वस्त करा दिया। साथ ही निर्माण में लापरवाही बरतने पर नगर आयुक्त ने फर्म पीपीएस बिल्डर्स के इंजीनियरों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने ठेकेदार पर 20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
सीएम ग्रिड योजना के तहत 15.18 करोड़ से नुमाइश ग्राउंड लाल ताल बिजली घर से बरौला पुल तक (आईटीआई रोड) 1.78 किमी लंबी सड़क व नाला निर्माण हो रहा है। तीन माह से ऊपर हो गए लेकिन अभी तक नाला निर्माण पूरा नहीं हो सका। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़कों पर पानी भर गया है। लगातार मिल रही शिकायतों के क्रम में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने सोमवार को इसका निरीक्षण किया।
इस दौरान कार्यदायी एजेंसी पीपीएस बिल्डर्स द्वारा बिना नाले की सफाई किए आरसीसी सीमेंट लगाकर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। नगर आयुक्त ने मौके पर सहायक अभियंता राजवीर सिंह और एजेंसी के साइट इंजीनियर पर कड़ी नाराजगी जताई। इस पर जुर्माना लगाते हुए निर्मित नाले को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया गया।
- मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली इस योजना में गुणवत्ता और मानकों से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी लापरवाही हुई तो एजेंसी का अनुबंध निरस्त कर ब्लैक लिस्ट की कार्रवाई की जाएगी। - प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त