अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने मुख्यमंत्री और शासन के आदेशों के क्रम में शनिवार को चैत्र नवरात्र व रमजान को देखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान रामघाट रोड पर सफाई व्यवस्था में खामियां मिलने पर सुपरवाइजर महेंद्र से स्पष्टीकरण तलब किया गया।
रामघाट रोड और स्वर्ण जयंती नगर में सुबह सात बजे के निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारी पहुंचे ही नहीं थे, जबकि इन सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति सफाई सुपरवाइजर विष्णु गोपाल ने अपने हाजिरी रजिस्टर में चढ़ा रखी थी। इस पर अपर नगर आयुक्त ने सुपरवाइजर के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जवाब तलब किया। कूड़ा फेंकने के मामले में ज्यूपिटर लॉज पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
एडीए ऑफिस और मैक्सफोर्ड हास्पिटल के पास नाले में फ्लोडिंग मैटेरियल भरा होने पर संबंधित एसएफआई को सफाई के निर्देश दिए। सिविल लाइन दोदपुर में नाला भरा हुआ मिला। दोदपुर, ख्वाजा गार्डन से पान वाली कोठी पर कूड़े के ढेर मिले। आईटीआई पुलिस चौकी से आईटीआई तक अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। गंदगी करने पर चाय विक्रेता से एक हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला।
आजाद नगर में भवन स्वामी जफरुद्दीन के घर के बाहर सड़क ऊंची मिली। भवन स्वामी के विरुद्ध नगर निगम अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। इस मौके पर पार्षद सुरेंद्र पचौरी, नामित पार्षद प्रवीण आर्य, अधिशासी अभियंता मनोज कुमार, मीडिया सहायक एहसान रब आदि मौजूद रहे।