राजा महेंद्र प्रताप विश्व विद्यालय का 2022 - 23 के लिए वित्त समिति के समक्ष 19 मई को बजट पेश होगा। जिसमें आय और खर्च के विवरण को अंतिम रूप तैयार किया जाएगा। साथ में आमदनी और खर्च दोनों के लिए संतुलित मद तैयार होंगे। इसी बैठक में प्रवेश और परीक्षा शुल्क का भी निर्धारण होगा। विद्यार्थियों और अभिभावकों के हित को देखते हुए शुल्क की राशि भी तय की जाएगी। इसी के साथ-साथ आमदनी के अन्य स्श्रोत भी तलाशे जाएंगे। जिससे कि खर्चे चल सकें।
विश्व विद्यालय के कुलपति चंद्रशेखर ने बताया कि 19 मई को वित्त समिति की बैठक वीसी कैंप कार्यालय में दोपहर 12 बजे होगी। जिसमें वित्त से जुड़े कई अहम मामलों पर निर्णय होंगे। स्थाई तौर पर वित्त अधिकारी की तैनाती न होने के कारण डा. भीमराव आंबेडकर विवि के वित्त अधिकारी ही यहां का अतिरिक्त कार्य देख रहे हैं। उन्हीं के स्तर से बजट तैयार किया जा रहा है। नए विवि में शुरुआत के कुछ साल में वित्तीय संकट होता है, इसी को ध्यान में रखते हुए बजट प्रस्तावित हो रहा है। कोशिश होगी कि कम खर्चों में मार्च 2023 तक काम संचालित हो जाएं। इसी के साथ-साथ प्रदेश सरकार से विशेष अनुदान के लिए भी अनुरोध किया जाएगा।
वित्त अधिकारी एके सिंह का कहना है कि इन दिनों अलीगढ़ के आरएमपी विवि के लिए बजट तैयार हो रहा है। आरएमपी नया विवि होने के कारण कोशिश है कि खर्चे कम प्रस्तावित हों। विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों पर फीस का बोझ ज्यादा न पड़े, इस दृष्टि से प्रवेश और परीक्षा शुल्क का निर्धारण कम करने की कोशिश की जा रही है। वित्त समिति की बैठक में अस्थाई स्टाफ के लिए वेतन आदि की व्यवस्था का भी प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। शासन से जिन पदों पर तैनाती होगी, उनके लिए अतिरिक्त बजट के लिए भी प्रस्ताव समिति के समक्ष रखा जाएगा।
स्टाफ भर्ती के लिए राज्यपाल और शिक्षा मंत्री से मिलेंगे वीसी
आरएमपी विश्व विद्यालय के कुलपति चंद्रशेखर का कहना है कि विवि में स्टाफ की बहुत कमी है। जबकि काम का बोझ अधिक होगा, इन दिनों ं दूसरे विभाग के कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति पर तैनात किया गया है। अस्थाई तौर पर भी स्टाफ की भर्ती की जा रही है। लिपिक, शिक्षक सब रजिस्ट्रार तथा अन्य स्टाफ की भर्ती का ब्योरा तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। इन पदों को समय से तैनाती के लिए राज्यपाल और शिक्षा मंत्री से मुलाकात करेंगे। समय से स्टाफ की तैनाती होने पर विवि के कार्य नियमित रूप से संचालित होंगे।