अयोध्या प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट के एतिहासिक फैसले के तीसरे दिन सोमवार को सुबह से लेकर रात तक पूरे जिले में इस प्रकरण से संबंधित कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। सर्वसमाज के लोगों ने इस नाजुक वक्त में आपसी भाईचारे की मिसाल पेश कर इतिहास रच दिया है जो आने वाले कई दशकों तक अलीगढ़ की पहचान बना रहेगा। जिला प्रशासन भी लोगों की हरेक शिकायत को गंभीरता से ले रहा है।
सोशल मीडिया पर सक्रियता दिखाने वाले 600 लोगों के मोबाइन के संदेश का आदान प्रदान सर्विलांस की नजरों में है। कुछ अन्य लोगों की भी खुफियागिरी कराई जा रही है ताकि माहौल में किसी तरह का कोई खलल न हो। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, भीड़ भरे बाजार, संवेदनशील इलाकों और मिश्रित आबादी वाले मोहल्लों में पुलिस की सख्त निगरानी जारी है।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा है कि शासन के निर्देशों के तहत पूरे जिले में सेक्टर स्कीम प्रभावी रहेगी। कड़ी सुरक्षा होती रहेगी। गुरुनानक जयंती पर भी पूरे शहर की मिश्रित आबादी, संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। गुरुद्वारों के आसपास पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। सिख समाज के साथ सभी धर्मों के प्रमुख लोगों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उनकी हरेक सलाह पर पूरा अमल किया जा रहा है। अलीगढ़ सिविल सोसायटी का गठन जल्द कराया जाएगा। जिससे त्योहारों में शहर से लेकर पूरे जिले में एक आसाधारण एकरूपता लाई जा सके। इसमें सभी धर्म और वर्ग का साथ लिया जाएगा। एक ऐसी सोसायटी गठित की जाएगी, जो ऐसे नाजुक मौकों पर प्रभावी ढंग से प्रशासन के साथ कदम से क दम मिला कर चले।
एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था शासन के अग्रिम आदेशों तक जारी रहेगी। इसमें कोई फेरबदल नहीं होगा। शहर के लाखों लोगों ने आपसी भाईचारे से पुलिस प्रशासन का भी दिल जीता है। पुलिस प्रशासन आम शहरी की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है। शांति बनाए रखने के लिए अभी तक 600 लोगों के मोबाइल सर्विलांस पर है। इनकी सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है। जिससे अफवाहों पर विराम लगा रहे। इन लोगों को समय समय पर आगाह भी किया जा रहा है।
हद्वारी, महावीर गंज, कनवरीगंज, देहलीगेट चौराहा, गोंडा रोड, खैर रोड, हडडीगोदाम, भुजपुरा, जयगंज, खाई डोरा, सासनीगेट, आगरा रोड, मथुरा रोड, मदार गेट, सराय सुल्तानी, मानिक चौक, दुबे का पड़ाव, गांधीपार्क बस स्टैंड, रामघाट रोड, सेंटर प्वाइंट, समद रोड, मैरिस रोड, मेडिकल रोड, दोदपुर, केलानगर चौराहा, जमालपुर, अनूपशहर रोड, जीवनगढ़, क्वार्सी चौराहा सहित शहर के तमाम बाजारों में सहालग की खरीददारी से दुकानें गुलजार हैं। व्यापारियों ने भी इस अमन शांति को हाथोंहाथ लिया है। शहर में यातायात पुलिस द्वारा हेल्मेट चालान काटने का थोड़ा बहुत विरोध जरूर हो रहा है। भीड़ भरे बाजारों में कुछ देर के लिए चलने पर हेल्मेट की अनिवार्य शर्त कुछ लोगों को परेशान कर रहे हैं लेकिन पुलिस उनको भी सहज भाव से समझा रही है।।
सांप्रदायिक विवाद की सूचना देने वाला शांतिभंग में पाबंद
महानगर के क्वार्सी थाना क्षेत्र के फिरदौस नगर में सांप्रदायिक विवाद होने की फर्जी सूचना देने वाले व्यक्ति को थाना पुलिस ने शांतिभंग में पाबंद कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। इंस्पेक्टर क्वार्सी विनोद कुमार के अनुसार पूछताछ में आरोपी सलीम पुत्र अकबर निवासी शहंशाबाद, देहली गेट ने बताया कि वह नशे की हालत में था। इसके चलते पुलिस को सूचना दे दी। इसके पीछे किसी अन्य का हाथ होने से उसने इंकार कर दिया। इधर, थाना क्षेत्र में गश्ती कर सोमवार को लोगों को जागरूक किया कि वह पुलिस को किसी भी प्रकार की फर्जी सूचना न दें। अयोध्या फैसले को लेकर शांति व्यवस्था कायम रखें। वहीं अतरौली अड्डे पर आतिशबाजी करने वाले युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
अयोध्या फैसला: स्टेशन और बस अड्डों पर अभी जारी रहेगी मुस्तैदी
अयोध्या फैसले के दौरान रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर बढ़ाई सुरक्षा बलों को मुस्तैदी अभी जारी रहेगी। अधिकारियों ने फिलहाल इसमें नरमी बरतने से परहेज कर लिया है। सोमवार को आरपीएफ और जीआरपी को सख्त तौर पर निर्देश मिले है कि मुस्तैदी आगामी रविवार तक यथावत रखी जाए, जिससे की किसी भी प्रकार की अराजक घटना होने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तय है। आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर के मुताबिक स्टेशन पर जो सुरक्षा घेरा बनाया गया है। वह रविवार तक जारी रहेगी। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेहद कड़ाई से निर्देश जारी किए हैं।