सिगरेट पीने के बहाने अल्फैज को दिया चकमा
साबिर और शाहरुख ने योजना के तहत अल्फैज को हत्या की बात से पूरी तरह अनजान रखा। उन्हें लगा कि बात जितने कम लोगों तक रहेगी, उतने ही वह सुरक्षित रहेंगे। इसके बाद वे अल्फैज को घर पर छोड़कर यह कहकर निकले कि वे दोनों सिगरेट पीने जा रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने चुपचाप कार की डिग्गी में अब्दुल्ला के शव को चादर से ढंककर रखा और हरदुआगंज क्षेत्र के हकीमगढ़ी माइनर की पटरी पर झाड़ियों में फेंककर वापस अलीगढ़ भाग आए।
भाई की संलिप्तता पर परिवार ने दी सफाई
पुलिस ने आरोपी साबिर के भाई ताहिर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। जानकारी होने पर उसकी बहन फरहा, चाची और अन्य रिश्तेदार सोमवार दोपहर थाने पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि ताहिर पूरी तरह बेकसूर है और घटना की रात वह अपने घर पर ही था। ताहिर पिता के साथ कॉस्मेटिक की दुकान चलाता है और उसका घर व दुकान साबिर से अलग है। बहन फरहा ने बताया कि साबिर ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी की थी, जिसके चलते माता-पिता और भाई-बहनों ने पहले ही उससे सारे रिश्ते तोड़ लिए थे और वे उससे 200 मीटर दूर दूसरी गली में रहते हैं।