क्षेत्र के गांव बुलाकगढ़ी और भगवानपुर में शनिवार को दोनों गांवों के पांच मंदिरों की दीवारों पर लिखे स्लोगन “आई लव मोहम्मद” से भड़के तनाव के बाद दूसरे दिन रविवार को भी माहौल पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गांव में डटे रहे। गांवों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स व पीएसी बल की तैनाती रही।
पुलिस के अधिकारी आज दोनों गांवों में गश्त करते रहे, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। गांव के प्रमुख स्थलों पर पुलिस पिकेटें तैनात की गई गई हैं। पुलिस ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तार नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही हैं, गांव में पूर्ण रूप से शांति बनी हुई है, एहतियात बरतने के लिए फोर्स तैनात है।
ज्ञात रहे शनिवार रात को गांवों भगवानपुर व बुलाकगढ़ी के पांच मंदिरों की दीवारों पर अराजक तत्वों ने “आई लव मोहम्मद” लिख दिया था, जिससे ग्रामीणों में रोष फैल गया था। करणी सेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठा. ज्ञानेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया था, जिसके बाद पुलिस ने एक मौलवी सहित आठ नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देने पर लोग शांत हो सके थे।