टेंपो का पांच रुपये के भाड़े के विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि हमलावरों ने टेंपो चालक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। चालक की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। हमलावर पक्ष भी टेंपो चालक है।
थाना बन्ना देवी क्षेत्र में बरौला जाफराबाद का रहने वाला 50 वर्षीय राजपाल सिंह टेंपो चलाता था। उसके परिवार में तीन बेटे और पत्नी रामवती है। राजपाल के भतीजे धर्मेंद्र ने बताया कि मंगलवार की शाम नुमाइश मैदान जीटी रोड पर उसका सवारी चढ़ाने को लेकर विवाद हो गया था।
तब स्थानीय लोगों ने समझा कर मामला शांत करा दिया था। देर शाम राजपाल टेंपो लेकर घर पहुंचा। तभी आरोपी टेंपो चालक अपने बेटे और साथियों के साथ वहां पहुंच गया और दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला तूल पकड़ने पर हमलावर पक्ष ने राजपाल के सिर पर लोहे की रॉड और डंडों से प्रहार कर दिया। खून से लथपथ राजपाल जमीन पर आ गिरा।
राजपाल को लहूलुहान हालत में देख आसपास चीख पुकार मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी। इस दौरान हमलावर मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल राजपाल को जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि अधिक खून बहने से राजपाल की मौत हो गई।
राजपाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही थाना बन्ना देवी प्रभारी अनुज कुमार मौके पर पहुंच गए। देर रात तक हमले के आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।