कस्बे के सांकरा रोड पर विद्युत उपकरण एवं स्कूटी रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले विनोद माहेश्वरी के 16 वर्षीय बेटे हर्षित की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा बुधवार को उस समय हुआ, जब वह ग्राहक के खराब सबमर्सिबल के स्टार्टर के तार जोड़ रहा था।
विनोद ने बताया कि हर्षित कक्षा नौ में पढ़ता था। बुधवार को वह दुकान पर मौजूद था। एक ग्राहक के खराब सबमर्सिबल के स्टार्टर को ठीक करते समय वह उसके तार बिजली के तार से जोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गया और मूर्छित होकर गिर पड़ा।
परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय हर्षित की मां गौरी भी पास में ही झाड़ू लगा रही थीं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। हर्षित अपने माता-पिता और एक भाई के साथ रहता था। परिजनों ने बुधवार शाम को उसका अंतिम संस्कार कर दिया।