छर्रा क्षेत्र में मछली पालन के लिए राजकीय महाविद्यालय के पीछे तालाब के निर्माण का कार्य चल रहा था। जेसीबी से तालाब की खुदाई की जा रही थी, तभी वहां काम कर रही जटपुरा निवासी एक किशाेरी और एक महिला ढाय खिसकने से मिट्टी में दब गईं। जिससे किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। महिला घायल है।
छर्रा अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय के पीछे मछली पालन के लिए जेसीबी से तालाब की खुदाई हो रही थी। इसी दौरान ढाय खिसकने से गांव जटपुरा निवासी किशोरी व एक महिला दब गई। तालाब संचालक ने दोनों को जेसीबी से बाहर निकलवाया। जिसमें किशोरी की मौके पर मौत हो गई। घायल महिला को परिजन निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल महिला के पति ने कोतवाली में तहरीर दी है।
विज्ञापन
गांव जटपुरा निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गांव सतरापुर निवासी शानू पुत्र अमरूद्दीन का मछली पालन के लिए राजकीय महाविद्यालय के पीछे तालाब के निर्माण का कार्य चल रहा था। जिसमें जेसीबी मशीन से मिट्टी खुदाई हो रही थी। बृहस्पतिवार की देर शाम शानू ने मेरी पत्नी तारावती और वेदराम की नातिन अंजनी को बुलाकर कंकड़ व पत्थर निकालने के लिए ले गई।
यहां ढाय खिसकने से दोनों दब गईं। इन्हें जेसीबी से निकाला गया। लेकिन जब तक किशोरी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। महिला तारावती को उपचार के लिए निजी चिकित्सालय ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन
कोतवाली निरीक्षक नित्यानंद पांडेय ने बताया कि घायल के पति की तहरीर मिल गई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने के साथ शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि किशोरी अंजनी की मां धनवन्ती का लगभग दस वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मायके में मौत हो गई थी और अंजनी अपने नाना के यहां ही रही थी।