एटीएस ने मामले में जांच करते हुए देवरिया के उमानगर मोहल्ले से एक नाबालिग आरोपी को दबोच लिया। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक के अनुसार रविवार शाम पुलिस टीम आरोपी नाबालिग को लेकर अलीगढ़ आ गई है। अभी तक हुई पूछताछ में उसने बस यही स्वीकारा है कि यह नंबर व आईडी जरूर उसकी है, मगर एएमयू को धमकी देने वाला मेल उसने नहीं किया।
आईडी व यूपीआई नंबर बेचना स्वीकारा
किशोर ने देर रात तक चल रही पूछताछ में यह भी स्वीकारा है कि पिछले दिनों कोटा राजस्थान में रहकर इंजीनियरिंग की तैयारी की है। अपने नाम से बनी आईडी पर यूपीआई नंबर व मेल आईडी बनाई थी और उसे बाद में बेच दिया। पुलिस के अनुसार किशोर से पूछताछ जारी है। इसके बाद ही साफ हो सकेगा कि आखिर ईमेल के जरिए धमकी देने के पीछे क्या सच्चाई है।