शहर के सौंदर्यीकरण के लिए अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सर्किल 10 के व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठन के नेताओं के साथ बैठक की। सर्किल 10 के नोडल अधिकारी अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों से संवाद स्थापित किया गया। अपर नगर आयुक्त ने कहा कि अंतहीन समस्याओं के समाधान के लिए सभी को एक साथ पहल करने की जरूरत है।
महापौर मो. फुरकान ने कहा कि फसाड इम्प्रूवमेंट एक सराहनीय पहल है। अलीगढ़ में विकास एवं सौंदर्यीकरण सभी लोगों के साथ मिलकर संभव है। बैठक में व्यापारियों के सुझाव व सहयोग के आधार पर कार्य योजना तैयार करने, रामघाट रोड पर फुटपाथ, नालों को कवर करने, कूड़ा समय से उठाए जाने, सभी दुकानों को एक लाइन में रखने, बिजली के तारों को व्यवस्थित करने, धकेल वालों को व्यवस्थित कर शिफ्ट करने, पुराने लाइट पोल हटाने, यूरिनल की नियमित सफाई आदि के सुझाव व्यापारियों ने दिए। इस अवसर पर पार्षद वीरेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह जादौन, विजय तोमर, सचिन राज सिंह, राजदीप वार्ष्णेय आदि मौजूद थे।