विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप
सीओ, कोतवाल ने अस्पताल पहुंचकर की छानबीन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला दिलीप नगर में एक विवाहिता की बुधवार की रात्रि में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसे उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल लाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस बीच मृतका के मायके पक्ष के लोग भी आ गए और उन्होंने मृतका के पति व अन्य लोगों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया।
मोहल्ला दिलीप नगर निवासी रामवीर की पत्नी 28 वर्षीय सपना की बुधवार की रात्रि में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसे जिला अस्पताल में भी मृत घोषित कर दिया गया। इस बीच मृतका का तहेरा भाई भी अस्पताल में पहुंच गया और उसने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या की गई है। उसने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
रात्रि साढ़े 10 बजे के लगभग सीओ सिटी रामशब्द व कोतवाली निरीक्षक प्रवेश राणा भी मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने मृतका के पति से भी पूछताछ की। सपना ने अपने पीछे पांच वर्ष का बच्चा बिलखते हुए छोड़ा है। करीब छह वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। देर रात तक पुलिस पूछताछ कर रही थी।