प्रदेश में विद्युत वितरण व्यवस्था की बदहाली की समीक्षा के लिए जिला वार अधिकारी पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव महेश गुप्ता यहां आकर समीक्षा करेंगे। मगर उसके आने से ऐन पहले तमाम प्रयास के बाद भी शहर की विद्युत वितरण व्यवस्था बेपटरी रही। सबसे बुरा हाला गांधीपार्क सब स्टेशन और सासनी गेट के पला रोड आदि इलाकों का रहा। दोपहर से देर रात तक इन इलाकों में लोग बेहाल रहे।
बिजली कंट्रोल रूम को मिली सूचना केअनुसार शहर के पला रोड पर रात से ही व्यवस्था बेपटरी रही और शाम तक यही हाल रहा। बीच बीच में आपूर्ति बहाल होती और फिर जाने का दौर जारी रहा। इसी तरह साईं मंदिर इलाका, रावणटीला, शक्ति नगर, मथुरा रोड, अशोक नगर, गांधीपार्क, सासनी गेट सीवर स्टेशन आदि इलाकों में दिन भर शिकायतें रहीं और आपूर्ति बेपटरी रही।
इधर, गांधीपार्क इलाके में दोपहर पहले ३३ केवी लाइन में फाल्ट की वजह से आपूर्ति बेपटरी हुई। फिर किसी तरह उसे शाम को दुरुस्त किया गया तो इसके बाद एक ट्रांसफार्मर में आग लगने और उससे पहले एक जगह तार टूटने से व्यवस्था बेपटरी हुई। इस बीच आपूर्ति पांच मिनट के लिए आती और फिर चली जाती। यह क्रम रात करीब 12 बजे तक जारी रहा। इधर, अपर मुख्य सचिव महेश गुप्ता आज शुक्रवार को 11 बजे से सर्किट हाउस में विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के लिए आ रहे हैं।