फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गर्मी का करंट : पहली बार 800 मेगावाट पार पहुंची मांग

Tue, 26 May 2026 03:06 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अलीगढ़
विज्ञापन
क्वार्सी बिजली घर में ट्रांसफॉर्मर को ठंडा करने के लिए लगा कूलर।  - फोटो : samvad
विज्ञापन
भीषण गर्मी ने अलीगढ़ की बिजली व्यवस्था की परीक्षा लेनी शुरू कर दी है। पहली बार जिले में बिजली की मांग 800 मेगावाट के पार पहुंच गई है। आम दिनों में करीब 571 मेगावाट रहने वाली बिजली खपत इन दिनों बढ़कर 813 मेगावाट तक पहुंच चुकी है। अचानक बढ़े इस लोड का असर अब शहर से लेकर देहात तक दिखाई देने लगा है। कई इलाकों में घंटों कटौती, बार-बार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और फाल्ट की समस्या लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
विज्ञापन



अलीगढ़ के साथ प्रदेश स्तर पर भी बिजली की मांग लगातार रिकॉर्ड बना रही है। यूपी स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर लिमिटेड के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2012-13 में प्रदेश का अधिकतम बिजली लोड 12,048 मेगावाट था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 31,486 मेगावाट तक पहुंच गया है। यानी करीब 15 वर्षों में बिजली की मांग ढाई गुना से अधिक बढ़ चुकी है।


बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार गर्मी बढ़ते ही एसी, कूलर, फ्रिज और अन्य घरेलू उपकरणों का उपयोग तेजी से बढ़ जाता है। शाम और रात के समय पीक आवर्स में कई फीडर क्षमता से अधिक लोड पर चलने लगते हैं। इसके चलते ट्रांसफार्मर गर्म हो रहे हैं और लाइन ट्रिपिंग की घटनाएं बढ़ रही हैं। शहर में तेजी से विकसित हो रही नई कॉलोनियों, अपार्टमेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने बिजली नेटवर्क पर अतिरिक्त दबाव डाल दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी घरेलू कनेक्शनों की संख्या लगातार बढ़ने से पुराने बिजली ढांचे पर बोझ बढ़ गया है।
विज्ञापन


एक फेज बंद, कहीं फाल्ट तो कहीं घंटों कटौती
सोमवार को भीषण गर्मी के बीच शहर के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था चरमराई रही। मेडिकल रोड बिजलीघर के जीवनगढ़ फीडर में रात एक बजे से एक फेज बंद होने से उपभोक्ता परेशान रहे। रघुवीरपुरी क्षेत्र में फाल्ट के बाद तेज धमाके जैसी आवाज आने से लोग घरों से बाहर निकल आए। नई बस्ती, लालताल फीडर, नगला मसानी, जलालपुर डी-सेंटर, अशोक नगर, मैरिस रोड, खैर बाईपास समेत कई क्षेत्रों में तीन से चार घंटे तक बिजली बाधित रही। बारहद्वारी बिजलीघर से जुड़े अशोक नगर में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रही, जबकि शिवालिक गंगा रेजिडेंशियल सोसायटी में मीटर बॉक्स में आग लगने की घटना सामने आई। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बिजली आने-जाने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। नगला मसानी और द्वारकाधीश मंदिर क्षेत्र के दुकानदारों ने बताया कि कई दिनों से ट्रिपिंग और कटौती का सिलसिला जारी है।

लगातार निगरानी का दावा
. विद्युत वितरण के मुख्य अभियंता अरविंद नायक ने बताया कि बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, नए फीडर तैयार करने और जर्जर लाइनों को बदलने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन विभाग लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें