घटना स्थल पर एसएसपी मुनिराज जी को फोटो दिखाते सीओ अनिल समानिया ।
- फोटो : CITY OFFICE
थाना क्षेत्र के गांव पड़का में मंगलवार सुबह नीम के पेड़ से लटका युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान विनीत (30) पुत्र श्रीपाल, निवासी गोविंदपुर डिबाई बुलंदशहर के रूप में हुई है। मामले में अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।
मृतक की पत्नी प्रीती पुत्री चरन सिंह निवासी पड़का ने बताया कि दस साल पहले विनीत के साथ उसकी शादी हुई थी। विनीत पलवल में किसी ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। शराब को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। दस दिन पहले भी झगड़ा हुआ। उसी दिन विनीत प्रीती को ईंट भट्ठे पर छोड़कर चला गया था। उसने परिवार वालों को भी इस बात की सूचना दी थी। प्रीती अपने भाई के साथ मायके आ गई । प्रीती के अनुसार विनीत ने उसके बहनोई पर फोन कर कहा कि वह गांव पड़का जाकर जान देगा। उसने घर वालों को भी विनीत के फोन के बारे में बताया। मंगलवार सुबह जब गांव के लोग शौच के लिए खेतों पर गए तब ग्रामीणों ने नीम के पेड़ पर शव लटका देखा। जिससे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर एसओ जवां नरेश कुमार पहुंच गए।
बाद में घटनास्थल पर एसएसपी मुनिराज जी, एसपी सिटी, सीओ, एसओजी की टीम, एफएसटी टीम व डॉग स्कावयड भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव के पास से एक शराब की खाली बोतल, मोबाइल, कुछ पैसे व टूटी हुई चूड़ियां बरामद हुई हैं। घटना से पहले विनीत के मोबाइल से घर वालों को भी फोन किया गया था। एसओ नरेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी पाया गया है। मामले में तहरीर नहीं आयी है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। सीओ तृतीय अनिल समानिया ने कहा कि पत्नी से विवाद में आत्महत्या कर ली।