भले ही हज के लिए हवाई यात्रा के किराये में बढ़ोत्तरी कर दी गई हो, फिर भी इस बार आजमीन-ए-हज की संख्या में इजाफा हुआ है। पिछले साल के मुकाबले इस बार एक चौथाई हज यात्री ज्यादा होंगे।
इस साल देश से एक लाख 70 हजार हज यात्री सऊदी अरब जाएंगे। इसमें एक लाख 25 हजार हज यात्री हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से भेजे जाएंगे, जबकि 45 हजार हज यात्री प्राइवेट टूर एजेंसी के जरिए रवाना होंगे। साल 2016 में यूपी में हज यात्रियों का कोटा 21 हजार 828 था, जो इस साल 29 हजार 17 हो गया है।
हज करने वाले यात्री दो श्रेणी के होते हैं, एक ग्रीन और दूसरे अजीजिया। साल 2016 में अजीजिया श्रेणी का किराया 1,85,000 रुपये और ग्रीन श्रेणी का किराया 2,19,000 रुपये था। इस बार अजीजिया श्रेणी के किराये में 18,550 रुपये और ग्रीन श्रेणी में 17,950 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। ग्रीन श्रेणी में वे हज यात्री आते हैं, जिन्हें काबा के एक से डेढ़ किलोमीटर के आसपास रहने का मौका मिलता है, जबकि अजीजिया में वे होते हैं, जो काबा से आठ-नौ किलोमीटर के दायरे में रहते हैं।
लब्बैक हज सोसाइटी के संचालक तौफीक अहमद खान ने बताया कि हज सुप्रीम कोर्ट ने 2012 में हज सब्सिडी खत्म करने का फैसला दिया था। इसके तहत हर साल 10 फीसदी हज सब्सिडी की कटौती की गई। 2013 से कटौती शुरू हुई, जो 2017 में 50 फीसदी तक हो गई। 2022 तक हज सब्सिडी पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। मौजूदा हवाई यात्रा का किराया 67,419 रुपये है।
फ्लाइट का शेड्यूल
लब्बैक हज सोसाइटी के संचालक तौफीक अहमद खान के मुताबिक, 24 जुलाई से हाजियों की फ्लाइट शुरू होगी। 24 जुलाई से सात अगस्त तक हज यात्री दिल्ली से मदीना के लिए उड़ान भरेंगे। इसके बाद आठ से 26 अगस्त तक दिल्ली से जेद्दा तक उड़ान भरेंगे। वापसी चार सितंबर से चार अक्तूबर तक होगी।
अलीगढ़ के बढ़े हज यात्री
साल कवर नंबर यात्री
2014 187 550
2015 151 450
2016 149 450
2017 199 600
नोट- हर कवर नंबर में दो, तीन, पांच यात्री शामिल हैं।
हर साल बढ़ा किराया
साल श्रेणी किराया श्रेणी किराया
2015 ग्रीन 215900 अजीजिया 183150
2016 ग्रीन 219000 अजीजिया 185000
2017 ग्रीन 236950 अजीजिया 203550