परीक्षा फॉर्म जमा कराने में अव्यवस्था पर एसवी कॉलेज में छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी। आरोप है कि वहां उनकी कॉलेज के स्टाफ से भी कहासुनी हो गई।
इसकी सूचना मिलने पर एबीवीपी के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। परिषद ने इस समस्या को कार्यवाहक प्राचार्य के समक्ष रखा और समस्या का निराकरण कराने को कहा। बाद में इस समस्या का समाधान होेने पर परिषद के कार्यकर्ता व पदाधिकारी वहां से चले आए।
एसवी कॉलेज में परीक्षा फॉर्म जमा करने में मंगलवार को अव्यवस्थाएं हावी रहीं। इसकी जानकारी परिषद के जिला संयोजक निखिल माहेश्वरी व अन्य पदाधिकारियों को मिली तो वह भी कॉलेज में पहुंच गए। वहां कंप्यूटर लैब के सामने काफी भीड़ लगी थी और फॉर्म काउंटर पर खिड़कियों पर जमा नहीं किए जा रहे थे।
इस पर वहां कर्मचारियों व छात्रों के बीच तकरार भी हुई। बाद में एबीवीपी नेताओं ने छात्र-छात्राओं को साथ लेकर इस समस्या से कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. गोपाल बाबू को अवगत कराया।
यह भी कहा कि इस तरह की समस्या से छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी होती है। इसलिए ऐसी समस्या पैदा न हो। ऐसी स्थिति में परिषद चुप नहीं रहेगी। इस पर कार्यवाहक प्राचार्य ने व्यवस्था सुचारु कराईं।
जिला सह संयोजक धीरज चौधरी, मीडिया प्रभारी जय यादव, विपिन कटियार, मधुर माहेश्वरी, अंकित ठाकुर, प्रांजल जैन, प्रियंका, दुर्गेश, पूजा, कविता आदि थे।