धर्म समाज महाविद्यालय के गेट पर एसीएम को ज्ञापन देते विद्यार्थी।
- फोटो : samvad
धर्म समाज महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को शैक्षणिक सत्र 2025-26 की छात्रवृत्ति न मिलने से नाराज छात्रों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। एकत्रित हुए छात्र-छात्राएं जब जिलाधिकारी कार्यालय की ओर कूच करने लगे तो पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया।
इस दाैरान विद्यार्थियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन एसीएम प्रथम विनीत मिश्रा को सौंपा। छात्र नेता पूरन यादव ने कहा कि बिना स्पष्ट कारण के बड़ी संख्या में छात्रवृत्ति फॉर्म निरस्त कर दिए गए हैं, जिससे सामान्य, ओबीसी और एससी-एसटी वर्ग के छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि डेटा मिस मैच जैसी तकनीकी खामियों के कारण भी छात्रवृत्ति की राशि समय से खातों में नहीं पहुंच सकी है। छात्रों ने समाज कल्याण विभाग पर फॉर्म सत्यापन में अनावश्यक देरी का आरोप लगाया। विद्यार्थियों ने मांग की कि निरस्त किए गए फॉर्मों का पुनः पारदर्शी तरीके से भौतिक सत्यापन कराया जाए और समाज कल्याण विभाग को समयबद्ध तरीके से फॉर्मों के सत्यापन के निर्देश दिए जाएं।
छात्र अभिमन्यु सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी ने समस्या के समाधान के लिए छात्रों को शुक्रवार को वार्ता के लिए बुलाया है। इस मौके पर रिशांक, पीयूष पचौरी, अविनेश, यदा पंडित, समीर गोस्वामी, गगन पंडित, आकाश कुमार, तरन राजपूत, शिवम, कुलदीप वर्मा आदि थे।