सीनियर हॉल व सीनियर फूड को अयोग्य बताने और जम्मू-कश्मीर छात्रसंघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता व यूनिवर्सिटी के शोधार्थी जुबैर अल्ताफ रेशी को कारण बताओ नोटिस देने के बाद छात्रों ने भोजन का बहिष्कार किया। हबीब हॉल के गेट पर छात्रों ने ताला जड़ दिया।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के प्रोवोस्ट के रवैये और छात्रों की समस्याओं का समाधान न होने पर नाराज छात्रों ने 18 अप्रैल को भोजन का बहिष्कार कर दिया। सीनियर हॉल व सीनियर फूड को अयोग्य बताने और जम्मू-कश्मीर छात्रसंघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता व यूनिवर्सिटी के शोधार्थी जुबैर अल्ताफ रेशी को कारण बताओ नोटिस देने के बाद छात्रों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने प्रोवोस्ट की इस्तीफे की मांग करने के साथ ही गेट पर ताला भी जड़ दिया। चार दिन में दूसरी बार गेट पर ताला जड़ा गया है।
विज्ञापन
रात आठ बजे सभी छात्र हॉल परिसर में एकत्र हो गए। छात्रों ने डाइनिंग हाॅल के गेट पर भी ताला लगा दिया और प्रोवोस्ट के इस्तीफे की मांग की। छात्र जुबैर अल्ताफ रेशी ने बताया कि छात्र संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाई थी, जो बात प्रोवोस्ट को नागवार लगी। हंगामे की खबर पाकर प्रॉक्टोरियल टीम भी पहुंच गई, लेकिन छात्रों ने उनकी बात नहीं मानी। छात्रों ने कहा कि प्रोवोस्ट का हटाया जाना बहुत जरूरी है। मंगलवार को भी छात्रों ने अलीगढ़-मुरादाबाद मार्ग स्थित हबीब हॉल के गेट पर ताला लगा दिया था। छात्रों ने प्रोवोस्ट पर कमरा गलत तरीके से आवंटित करने का आरोप भी लगाया था। इस संबंध में प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद वसीम अली ने बताया कि प्रोवोस्ट को लेकर छात्रों में गुस्सा है। इसलिए भोजन का बहिष्कार कर दिया है।
शोधार्थी के साथ है जम्मू-कश्मीर छात्र संघ : नासिर
जम्मू-कश्मीर छात्र संघ के राष्ट्रीय संयोजक नासिर खुहमी ने कहा कि एएमयू के शोधार्थी व जम्मू-कश्मीर छात्र संघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता जुबैर अल्ताफ रेशी को बिलावजह कारण बताओ नोटिस दिया गया है, जबकि वह छात्रहित की बात कर रहे हैं। उनके साथ जम्मू-कश्मीर छात्र संघ है। अगर सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो वह इस मुद्दे को राष्ट्रीय मंचों पर उठाएंगे।