सांई मेडिकल कॉलेज में छात्राओं के फेल होने पर जाम लगा रहीं छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
साईं कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बुधवार को फेल छात्र-छात्राओं ने हंगामा काटा। आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने अलीगढ़-दिल्ली मुख्य मार्ग पर दो घंटे तक जाम लगाया। हंगामे की खबर पर एसीएम व एएसपी पहुंच गए।
छात्राओं ने बताया कि 99 फीसदी छात्राएं फेल हो गई हैं। आरोप लगाया कि किसी भी छात्र-छात्रा की फीस तय नहीं है। पिछले तीन साल से उन्हें लगातार फेल किया जा रहा है। कॉलेज प्रशासन से छात्रा काफी आहत हैं। हंगामे की खबर पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
एसीएम संजय मिश्रा ने बताया कि छात्राओं ने हंगामे की सूचना मिली थी। छात्राओं से प्रार्थना पत्र ले लिया है। इस संबंध में साईं कॉलेज ऑफ नर्सिंग के चेयरमैन राकेश गुप्ता साईं ने बताया कि एमएससी व बीएससी नर्सिंग डिग्रीधारक योग्य अध्यापकों को नियुक्त किया है, जिन्होंने मेहनत से पढ़ाया है।
सीसीटीवी कैमरे के साथ स्टेट मेडिकल फैकल्टी की ऑनलाइन निगरानी में परीक्षाएं संपन्न कराते हैं। यदि छात्र-छात्राएं कुछ परीक्षाओं में सफल नहीं होते हैं, तो उसके लिए कॉलेज जिम्मेदार नहीं है और कॉलेज परीक्षा परिणाम में कोई बदलाव भी नहीं कर सकता। इसके लिए छात्राएं स्क्रूटनी करा सकती हैं। उप्र स्टेट मेडिकल फैकल्टी ने आवेदन करने के लिए 2 जनवरी से 6 जनवरी 2023 तक की तिथि निर्धारित की है।