हैदराबाद में एक महिला डाक्टर से हुई हैवानियत और उसकी हत्या के विरोध में सोमवार को एएमयू छात्रों ने श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्चा निकाला। मार्च एएमयू लाइब्रेरी के पीछे कैंटीन से शुरू हुआ और बाब ए सैयद पर समाप्त हुआ। इस दौरान आरोपियों को फांसी देने की मांग की गई। जबकि इससे पहले एक समूह को प्राक्टोरियल टीम ने कैंटीन पर ही रोक दिया।
सोमवार की शाम पांच बजे हैदराबाद कांड के विरोध में छात्र छात्राओं द्वारा हत्या आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकालने की घोषणा की गई। शाम को कैंटीन पर छात्र और छात्राओं का इकट्ठा होना शुरू हुआ। इस बीच जब कैंडल मार्च के साथ छात्रों का मार्च बाब ए सैयद की ओर कूच करने लगा तो मौके पर मौजूद प्रोक्टोरियल टीम ने विद्यार्थियों को रोक दिया। इसके चलते टीम के सदस्यों के सात विद्यार्थियों की नोकझोंक भी हुई। जिसके बाद छात्र छात्राओं का बड़ा का समूह तो बाब ए सैयद की ओर बढ़ गया जबकि दो तीन छात्राएं जिनके नाम पर आयोजन की अनुमति थी, वह वहीं कैंटीन पर रुक गईं।
हाथों में कैंडल लेकर और स्लोगन के पोस्टर लेकर विद्यार्थी बाब ए सैयद की ओर बढ़ने लगे। बाब ए सैयद पर पहुंच कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन विवि प्रशासन को सौंपा गया। इसमें कहा गया है कि जस्टिस वर्मा कमेटी की सिफारिशें तुरंत लागू हों। निर्भया फंड की धनराशि तुरंत रिलीज हो। शैक्षिक सुधार हों। सेंसर बोर्ड ऐसी सामग्री पर नजर रखे जिसमें शालीनता का हनन हो रहा हो। विद्यार्थियों की मांग थी कि जिस तरह जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया है उसी तरह से इस कांड में भी कार्रवाई होनी चाहिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों को छात्र और छात्राएं मौजूद थीं।
दुष्कर्मियों को फांसी पर लटकाएं : आरडीए
हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक की हत्या के विरोध में एएमयू के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में मोमबत्ती जलाकर मृत महिला की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
जेएन मेडिकल कॉलेज रेजीडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मलिक हजरत हमजा ने कहा कि दुष्कर्म व हत्या के मामले बढ़ते जा रहे हैं। निर्भया की मां इंसाफ के लिए दर-ब-दर ठोकरें खा रही हैं। आखिर किस तरह का हिंदुस्तान बनाना चाहते हैं। फास्ट ट्रैक कोर्ट में इस मामले की सुनवाई हो। दोषी पाए जाने वाले अपराधियों को फौरन फांसी पर लटका देना चाहिए।
डॉ. मलिक ने कहा कि बेहतरीन समाज बनाने के लिए सभी सहभागिता जरूरी है। दुष्कर्मियों को बचाने के लिए उसके पीछे राजनीतिक पार्टियां खड़ी हो जाती है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि जेएन मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टरों पर शरारती तत्व फब्तियां कसते हैं। प्रशासन को इस ओर भी ध्यान देना चाहिए।
स्टेडियम में मोमबत्ती से श्रद्धांजलि कल
अमर उजाला की ओर से चार दिसंबर को शाम पांच बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम में हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म व हत्या के विरोध में मोमबत्ती जलाकर मृत महिला की आत्मा शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी। प्रार्थना सभा में सामाजिक संगठन, शिक्षण संस्थाएं, खेल संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे।
हैदराबाद घटना के आरोपियों को मिले फांसी की सजा
हैदराबाद में पशु चिकित्सक के साथ हुई घटना के विरोध में सोमवार को मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड महानगर अलीगढ़ ने एसडीएम सिटी राकेश मालपाणी, सिटी मजिस्ट्रेट नलिनी कांत सिंह को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से आरोपियों को फांसी की सजा देने और संसद में कानून पारित करने की मांग की। इस मौके पर मोहसिन मेवाती, मो. सालिम, इसरार सोलंकी, राहत अली, मोहम्मद साकिब, फैजान बहादुर, सबा खान, शाहिद मलिक पार्षद, मोहम्मद गुलफाम अब्बासी, फुरकान असीर, मोहम्मद रिजवान आदि मौजूद रहे।
एक माह में फांसी का हो प्रावधान
दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के पूर्व उप सचिव योगेश सारस्वत एडवोकेट ने मुख्य मंत्री आदित्यनाथ योगी से मांग की है कि बलात्कार जैसे मामलों में एक माह में फांसी की सजा हो, ऐसा प्रावधान किया जाए। इतना ही नहीं फास्ट ट्रैक कोर्ट में ऐसे मामलों की प्रतिन सुनवाई की जाए। इसके साथ ही महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को सुनने के लिए न्यायाधीन की संख्या कम है। इसलिए न्यायाधीशों की कोर्ट बनवाई जाए।
अपराधियों पर हो कठोर से कठोर कार्रवाई
भारतीय खटीक समाज जागृति महासभा ने सोमवार को संगम विहार तिकोना नगला में आयोजित बैठक में हैदराबाद घटना पर रोष जताया। वक्ताओं ने कहा कि इस कृत्य की जितनी निंदा की जाए। उतनी ही कम है। अपराधियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई हो। जिससे और कोई ऐसी हिम्मत न जुटा सके। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सूर्यवंशी, भरत प्रधान, शीसफाल सिंह, लाल सिंह, ऊदल सिंह, सुनील कुमार, बनवारी लाल, सुधीर कुमार, रामवीर सिंह, राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।
डॉक्टर को इंसाफ दिलाने के लिए कैंडल मार्च निकालते एएमयू के छात्र-छात्राएं।- फोटो : CITY OFFICE