विकासखंड चंडौस के प्राथमिक विद्यालय रामपुर के बच्चों को किताबें नहीं बांटी गई हैं। वहीं, विद्यालय में व्याप्त समस्याओं को तीन दिन में दूर कराने के लिए सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक डॉ. पूरन सिंह ने बीएसए व बीईओ से कहा है।
शिक्षा निदेशक सोमवार सुबह 9:20 बजे निरीक्षण करने स्कूल पहुंचे। प्रधानाध्यापिका विमलेश कुमारी व शिक्षिका सुमन कुमारी अनुपस्थित मिलीं, जबकि शिक्षिका प्रतिमा सिंह व शिक्षामित्र शीतल शर्मा 9:30 बजे पहुंचीं। शिक्षिकाओं ने बताया कि 100 फीसदी नि:शुल्क किताबें मिल चुकी हैं, जो वितरित नहीं हो पाई हैं। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत काम नहीं हो पाया है।
विद्यालय में लगे तीन में से दो इंडिया मार्का हैंडपंप खराब हैं। विद्यालय में साफ-सफाई का अभाव दिखा। शिक्षा निदेशक ने विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं में सुधार कराते हुए तीन दिन में बीएसए से आख्या देने को कहा है। साथ ही बीईओ चंडौस को स्थलीय निरीक्षण कर अव्यवस्थाओं को दूर कराने के निर्देश दिए हैं।