फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: समय से दो घंटे पहले कॉलेज पहुंच गई थी छात्रा, अकेली बैठी थी; हमला कर किसी ने काट दी हाथ की नस

Tue, 15 Jul 2025 03:55 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

अलीगढ़ के टीआर कॉलेज में छात्रा पर हमले का मामला सामने आया है। नियत समय से दो घंटे पहले कॉलेज पहुंच अकेली बैठी छात्रा की हाथ की नस काट दी गई। गुस्साए परिजनों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने रामघाट रोड पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन
छात्रा पर हमला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ के टीकाराम कन्या महाविद्यालय में सोमवार की सुबह बीएससी की छात्रा सपना सिंह पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर कलाई की नस काट दी। परिजनों ने लहूलुहान मिली छात्रा को जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घटना के विरोध में कॉलेज परिसर में पांच घंटे तक जमकर हंगामा किया। 
विज्ञापन


उसके बाद रामघाट रोड पर जाम कर हंगामा किया। इस दौरान प्राचार्या को उनके ही कक्ष में बंधक बनाने की कोशिश की। मूल रूप से बुलंदशहर डिबाई की सपना (21) क्वार्सी के तिकोना नगला में अपनी बुआ के घर रहती है। वह टीआर कॉलेज से बीएससी अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। 

सपना एनसीसी की वरिष्ठ कैडेट भी है। जून में हुईं गर्मियों की छुट्टियों के बाद सोमवार को पहले दिन कॉलेज खुला। निर्धारित समय 9 बजे है मगर छात्रा अपने फुफेरे भाई संग बाइक पर सुबह 7:09 बजे कॉलेज पहुंच गई। 
विज्ञापन


फुफेरा भाई उसे कॉलेज में छोड़कर अपने विद्यालय चला गया। वरिष्ठ कैडेट होने के नाते कॉलेज के एनसीसी कार्यालय की चाभी उसी के पास थी। इसलिए वह एनसीसी कार्यालय खोलकर उसी में बैठ गई।
 

कुछ देर बाद उसने अपने फूफा को खुद की तबीयत खराब होने की खबर दी फिर बेहोश हो गई। सूचना पर उसके परिजन व फुफेरा भाई आदि पहुंच गए। उन्होंने छात्रा को बेहोश पड़ा पाया। 

 

वहां उसकी दायीं कलाई की नस कटी हुई थी। काफी खून बह चुका था। यह देख आनन-फानन उसे मेडिकल कॉलेज ले लाया गया। शुरुआती बातचीत में उसने खुद पर हमले की बात कही।

 

इधर, खबर पर कॉलेज प्राचार्या सहित पूरा स्टाफ, क्वार्सी पुलिस, फॉरेंसिक टीम, सीओ तृतीय आदि भी पहुंच गए। कुछ ही देर में परिजन व एबीवीपी कार्यकर्ता कॉलेज में एकत्रित हो गए। उन्होंने कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा किया। 

 

दोपहर एक बजे तक चला हंगामा किसी तरह पुलिस कार्रवाई के आश्वासन व अधिकारियों के समझाने पर शांत हुआ। बाद में पुलिस ने छात्रा से बातचीत के आधार पर उसके फूफा राजेंद्र प्रसाद की तहरीर पर अज्ञात लोगों पर हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के कारणों व हमलावरों को लेकर जांच में जुट गई है।

 

- अभी सिर्फ छात्रा के बयान व परिजनों के आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रा से अभी ज्यादा बात नहीं हो सकी है। बहुत से तथ्यों पर पूछताछ की जाएगी। सीसीटीवी, सर्विलांस व साक्ष्यों का संकलन कराया जाएगा। उसी आधार पर आगे कार्रवाई तय की जाएगी। - सर्वम सिंह, सीओ तृतीय

कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
अलीगढ़ महानगर के प्रमुख व प्रतिष्ठित टीकाराम कन्या महाविद्यालय में छात्रा सपना सिंह के साथ क्या हुआ यह तो पुलिस जांच में साफ होगा लेकिन इस घटना ने कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरा खराब था। इससे भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

इस सूचना पर पुलिस व प्राचार्या प्रो. प्रतिमा श्रीवास्तव सहित कॉलेज स्टाफ के पहुंचने पर सबसे पहले सीसीटीवी देखने का प्रस्ताव परिजनों ने रखा। प्राचार्या ने अपने ही कक्ष में काफी देर तक सीसीटीवी देखना शुरू किया। 

 

इसमें सिर्फ कॉलेज में प्रवेश के समय का सीसीटीवी चालू मिला। जिसमें छात्रा अकेले अंदर आते दिखी है। इसके बाद कोई आवाजाही नहीं हुई। घटनास्थल के पास के सीसीटीवी खराब मिले। इसके बाद परिजनों का बिफरना शुरू हुआ।

 

उन्होंने प्राचार्या कक्ष से लेकर घटनास्थल तक जमकर हंगामा काटा। बाद में एबीवीपी कार्यकर्ताओं के आने पर प्राचार्या को उनके ही कक्ष में बंधक बनाने की कोशिश की। टेबल पीटते हुए खरीखोटी सुनाईं। किसी तरह अन्य स्टाफ व पुलिस ने बात संभाली तो प्राचार्या छात्रा को देखने मेडिकल कालेज जाने लगीं।

 

इसी बीच किसी ने यह कह दिया कि प्राचार्या वहां नहीं कहीं अन्य जा रही हैं। इस पर उनकी गाड़ी घेर ली गई। बाद में छात्रा के परिवार के सदस्य को साथ लेकर प्राचार्या मेडिकल गईं। इसके बाद भी परिजनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। 

 

हंगामा करते हुए परिजन कॉलेज के बाहर रामघाट रोड पर आ गए। जाम लगा कर जमकर हंगामा प्रदर्शन किया। वहां उन्हें करीब आधा घंटे के प्रयास के बाद पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया। तब मुकदमा दर्ज कराने परिजन थाने गए।

 

खुद से नस काटने का मचा शोर
मामले में छात्रा के फुफेरे भाई अभिषेक का कहना है कि यह आत्महत्या का प्रयास नहीं बल्कि कॉलेज परिसर के भीतर किसी ने जानलेवा हमला किया है। कॉलेज की प्राचार्य प्रतिमा श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह छात्रा द्वारा खुद नस काटने का शोर मचा था। इस जानकारी पर एनसीसी कार्यालय में जब स्टाफ ने देखा तो एक छात्रा घायल अवस्था में मिली थी। मौके पर काफी खून पड़ा हुआ था।

 

पीछे के रास्ते से भागने का अंदेशा
हंगामे के बीच जब यह पता चला कि सीसीटीवी कैमरा खराब है तो परिजनों ने कहा कि एनसीसी कार्यालय पर चढ़कर पीछे बस्ती में भागने का रास्ता है। अंदेशा जताया कि हमलावर उस तरफ भाग तो नहीं गए। इस पर पुलिस ने उन्हें यह कहकर शांत किया कि पीछे बस्ती में भी सीसीटीवी कैमरा दिखवा लिए जाएंगे।

 

पुलिस इन बिंदुओं पर उठा रही सवाल
सीओ तृतीय सर्वम सिंह बताते हैं कि अभी चिकित्सकों की सलाह के कारण ज्यादा बातचीत नहीं हो सकी है। अभी छात्रा से पहले तो इस विषय पर बात होनी है कि वह निर्धारित समय से इतना पहले किस कारण से पहुंचीं। छात्रा ने एनसीसी अधिकारी की ओर से मोबाइल पर कोई संदेश आने की जानकारी दी थी मगर एनसीसी अधिकारी निशा ने ऐसा कोई संदेश भेजने से इन्कार किया है। दूसरा अगर किसी ने दायीं बाजू पर हमला किया तो वह हुलिया, चेहरा आदि क्यों नहीं देख पाई। छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट व संदेश आदि की डिटेल निकलवाई जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य लिए हैं।

 

एबीवीपी ने की मुकदमे की मांग
इस सूचना पर एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंकुर शर्मा, विभाग संगठन मंत्री विश्वेंद्र, महानगर मंत्री शैलेंद्र प्रजापित, चिराग भारद्वाज व अन्य ने क्वार्सी पुलिस को एक मांग पत्र दिया है। इसमें घटना पर सवाल उठाते हुए कॉलेज में सीसीटीवी कैमरे का इंतजाम, छात्राओं की सुरक्षा, प्राइवेट बुक स्टॉल संचालन को जगह देने, पुरुषों के आवागमन पर सवाल उठाए हैं। सामाजिक समता मंच के अध्यक्ष बल्देव चौधरी सीटू ने भी घटना की निंदा करते हुए मुकदमे की मांग की है।

 
विज्ञापन

कॉलेज 24 जून के बाद आज खुला है। हो सकता है कि अवकाश के दिनों में बारिश या अन्य कारणों से सीसीटीवी कैमरे में खराबी आई हो। उन्हें सही कराया जाएगा। हमला किन वजहों से किसने किया इस पर पुलिस जांच करेगी। हम परिवार का सहयोग करेंगे। सवाल ये भी है कि छात्रा इतनी जल्दी किस वजह से आई। - प्रो. प्रतिमा श्रीवास्तव प्राचार्या
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें