महानगर के महुआ खेड़ा क्षेत्र में क्वार्सी बाईपास पर कावेरी वाटिका के सामने साइकिल से कोचिंग जा रही 11वीं की छात्रा की ट्रैक्टर की चपेट में आकर मौत हो गई। इस दुर्घटना पर गुस्सा लोगों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। इस दौरान चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। बाद में पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत किया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। तब जाकर जाम खुला।
क्वार्सी क्षेत्र की गणेश धाम कॉलोनी की 18 वर्षीय तन्नु यादव पुत्री बलवीर सिंह निजी स्कूल में 11वीं की छात्रा थी। पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर की तन्नु दोपहर करीब 3 बजे घर से साइकिल पर एटा चुंगी कोचिंग जा रही थी। तभी कावेरी वाटिका के बाहर बाईपास पर उधर से आते ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में छात्रा आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक उसे छोड़कर भाग गया। वहीं एकत्रित हुई राहगीरों की भीड़ तन्नु को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसी बीच मौत की खबर पर परिजन व अन्य लोग एकत्रित होकर मौके पर पहुंच गए और जाम लगा दिया।
इस दौरान हंगामा शुरू कर दिया। जाम के चलते बाईपास पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इस सूचना पर इंस्पेक्टर महुआ खेड़ा विजयकांत शर्मा व क्वार्सी पुलिस भी पहुंच गई। लोगों को समझाया और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने भेजा गया। तब जाकर पब्लिक शांत हुई। इंस्पेक्टर के अनुसार फिलहाल मामले में आरोपी की तलाश जारी है।